अब न शोर है, न धड़कनें, शांत सारे तूफ़ान हैं,
तेरे जाने के बाद अब सचमुच दिल को आराम है।
तेरे बिना की रात देखो तो बिल्कुल सूनी है,
आसमाँ से पूछो या दिल से, कौन ज़्यादा वीरान है।
अभी याद है मुझे, क्या भूलना है,
तुझे भूलने की कोशिश भी तेरी याद है।
जो कहा न जा सके शब्दों में, उस दर्द का एहसास हूँ,
तुम्हारा परिचय शब्दों से है, मेरा परिचय तो ‘मौन’ है।
रचना के पीछे का ख़याल
इस रचना में ‘आराम’ का अर्थ सुकून या चैन नहीं है। यहाँ आराम उस ख़ामोशी का प्रतीक है, जहाँ दिल की धड़कनें जैसे थम गई हों। किसी के चले जाने के बाद कभी-कभी दर्द इतना गहरा हो जाता है कि इंसान को न शोर महसूस होता है, न कोई हलचल।
रात की वीरानी, यादों से पीछा छुड़ाने की नाकाम कोशिश और अंत में ‘मौन’ — ये सब उसी एहसास के अलग-अलग रूप हैं।
क्योंकि कुछ दर्द कहे नहीं जाते, सिर्फ़ जिए जाते हैं।